भारतीय बल्लेबाजों का यह बेमिसाल कीर्तिमान स्पेशल डेस्क:2 दिसम्बर 2025
भारतीय बल्लेबाजों का यह बेमिसाल कीर्तिमान
स्पेशल डेस्क:2 दिसम्बर 2025
एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की टॉप टेन लिस्ट में चार भारतीय बल्लेबाज शामिल है। दरअसल रांची में भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेली जा रही सीरीज के पहले मैच में रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने इस मैच में 57 रनों की पारी खेली जिसमें उन्होंने तीन छक्के मारे। इसके साथ ही उन्होंने शाहिद अफरीदी के 351 छक्कों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए 352 छक्के मार कर एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम किया।
269 पारियों में हासिल किया कारनामा
एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का यह कीर्तिमान खास है। इसकी वजह यह है कि रोहित ने यह कारनामा 277 मैच की 269 पारियों में हासिल किया है।वहीं शाहिद अफरीदी ने 351 छक्के 398 मैच की 369 पारियों में लगाए थे। कुल मिलाकर ठीक 100 पारियां कम खेलकर उन्होंने शाहिद अफरीदी का रिकॉर्ड तोड़ दिया। इसलिए रोहित शर्मा को हिटमैन यूं ही नहीं कहा जाता।

लिस्ट में चार भारतीय
एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की टॉप टेन लिस्ट में चार भारतीय है। यह दर्शाता है कि विश्व क्रिकेट में भारतीय बल्लेबाजों की अहमियत क्या है। रोहित शर्मा के अलावा महेंद्र सिंह धोनी लिस्ट में पांचवे स्थान पर है। उन्होंने 350 मैच की 297 पारी में 269 छक्के लगाए हैं। इसके अलावा नवे स्थान पर ग्रेट सचिन तेंदुलकर और दसवें स्थान पर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली है। खास बात यह है कि विराट कोहली इस लिस्ट में नहीं है।
यूनिवर्स बॉस तीसरे स्थान पर
इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर यूनिवर्स बॉस क्रिस गेल है जिन्होंने 331 छक्के लगाए हैं। चौथे स्थान पर श्रीलंका के धाकड़ बल्लेबाज सनथ जयसूर्या का नाम है। छठे स्थान पर इंग्लिश बल्लेबाज इयान मॉर्गन, सातवें स्थान पर दक्षिण अफ्रीका बल्लेबाज एबी डी विलियर्स और आठवें स्थान पर कीवी बल्लेबाज ब्रैंडन मैकुलम का नाम है। हैरानी की बात यह है कि एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे ज्यादा विश्व कप जीतने वाली टीम ऑस्ट्रेलिया के किसी भी बल्लेबाजी का नाम इस लिस्ट में नहीं है।
मिशन जारी है
एक विशेष बात यह है कि लिस्ट में शामिल अन्य सभी बल्लेबाज विश्व क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। जाहिर है शीर्ष पर मौजूद रोहित शर्मा को अपना रिकॉर्ड और आगे तक ले जाने का अवसर है। पूरी संभावना है कि आगामी एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय विश्व कप क्रिकेट 2027 तक रोहित शर्मा खेलेंगे। उनके छक्कों की संख्या 400 या उसके आसपास जाती है तो इस रिकॉर्ड तक पहुंचना किसी भी बल्लेबाज के लिए सपने से काम नहीं होगा।

