Deprecated: Function WP_Dependencies->add_data() was called with an argument that is deprecated since version 6.9.0! IE conditional comments are ignored by all supported browsers. in /home/mobilefastnews/public_html/wp-includes/functions.php on line 6131
Wednesday, May 13, 2026
Uncategorized

ग्रामीण विकास मंत्री ने क्यारकोटी में किए विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास स्कूल के वार्षिक समारोह में की शिरकत शिमला ब्यूरो: 15 नवम्बर 2025

Spread the love

ग्रामीण विकास मंत्री ने क्यारकोटी में किए विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास
स्कूल के वार्षिक समारोह में की शिरकत
शिमला ब्यूरो: 15 नवम्बर 2025
ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री अनिरुद्ध सिंह ने आज राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्यारकोटी में आयोजित वार्षिक दिवस समारोह में बतौर मुख्य अतिथि शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में विकास से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।

मंत्री ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला क्यारकोटी के नए भवन का शिलान्यास, मुंगर नाला से गांव मुंगर तक सड़क का लोकार्पण, धगोगी से गांव जयाली सड़क का शिलान्यास, ग्राम पंचायत चैड़ी में पंचायत सामुदायिक केंद्र (पंचायत घर) नेरी का शिलान्यास तथा मोहनपुर नाला–क्यारकोटी सड़क का उद्घाटन किया।

कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र के लिए बड़ी खुशी की बात है कि आज बस की पासिंग भी सफलतापूर्वक पूर्ण हुई है, जिसके लिए लोक निर्माण, वन तथा परिवहन विभाग ने संयुक्त रूप से कार्य किया। उन्होंने निर्देश दिए कि बस गांव के भीतर तक पहुंच सके, इसके लिए अधिशाषी अभियंता आवश्यक अनुमान तैयार कर विभाग को प्रस्तुत करें।

उन्होंने बताया कि चैड़ी पंचायत में पिछले ढाई वर्षों के दौरान सड़कों के अलावा विभिन्न विकास कार्यों पर लगभग 1 करोड़ 56 लाख 65 हजार रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने यह भी अवगत कराया कि स्कूल भवन के लिए लगभग 5 करोड़ रुपये स्वीकृत हो चुके हैं, जिसका कार्य जनवरी माह तक प्रारंभ कर दिया जाएगा। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री द्वारा स्वीकृत 2 करोड़ रुपये शीघ्र ही विभाग को हस्तांतरित किए जाएंगे।

मंत्री ने कहा कि आज जिन सड़कों का शिलान्यास किया गया है, उनके कार्यों को जल्द आरंभ किया जाएगा। क्षेत्र की अन्य सड़कों को भी सुदृढ़ और पक्का किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार मोहनपुर नाले पर पुल का निर्माण किया गया है, उसी प्रकार नेरी नाले पर भी पुल का निर्माण किया जाएगा। मुंगर नाले के बार-बार अवरुद्ध होने की समस्या के समाधान हेतु भी पुल निर्माण की कार्यवाही प्रारंभ की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को असुविधा न हो।

उन्होंने मंदिर क्षेत्र में भंडारे के दौरान जल सुविधा सुनिश्चित करने के लिए 50 हजार लीटर के पानी की टैंक के निर्माण की घोषणा की तथा अधिशाषी अभियंता को इसका अनुमान तैयार करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त उन्होंने राजकीय वरिष्ठ प्राथमिक एवं माध्यमिक पाठशाला पंजोग के भवनों की मरम्मत हेतु भी प्रस्ताव तैयार कर 31 मार्च से पूर्व स्वीकृति हेतु भेजने को कहा।

कार्यक्रम में ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रामकृष्ण शांडिल, बीडीसी अध्यक्ष चंद्रकांता वर्मा, बीडीसी उपाध्यक्ष विक्रम ठाकुर, पूर्व बीडीसी उपाध्यक्ष ऋषि राठौर, चैड़ी पंचायत प्रधान भुवनेश्वर शर्मा, उप-प्रधान सुमित ठाकुर, नगर निगम पार्षद नरेंद्र ठाकुर, प्रधानाचार्य मीनू जस्वाल, सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *